फलोदी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र व्यास ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को ज्ञापन भेजकर नए औद्योगिक क्षेत्र के लिए आवंटित खसरा नंबर 188 की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। व्यास ने बताया कि रीको विभाग ने चार साल पहले फलोदी नगर परिषद से नए औद्योगिक क्षेत्र के लिए जमीन आवंटित करने की मांग की थी। रीको ने इसके लिए राशि भी जमा करवा दी थी और नगर परिषद ने खसरा नंबर 188 की जमीन आवंटित कर दी थी। हालांकि, रीको ने इस जमीन का कब्जा लेने से इनकार कर दिया है क्योंकि इस पर जगह-जगह अतिक्रमण है। जमीन संबंधी लीज डीड का निष्पादन भी हो चुका है। नगर परिषद ने जमीन को जल्द अतिक्रमण मुक्त कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन चार साल बीत जाने के बाद भी यह जमीन अतिक्रमण से मुक्त नहीं हो पाई है। व्यास ने ज्ञापन में बताया कि ‘राइजिंग राजस्थान’ योजना के तहत एमओयू के माध्यम से निवेशकों को रीको की डीएलसी दर पर सीधे भूखंड आवंटित करने की योजना लागू की गई है। फलोदी से मात्र 2 किलोमीटर की दूरी पर होने के कारण कई निवेशक छोटे उद्योग लगाने के इच्छुक हैं। लेकिन, पिछले चार साल से प्रशासन और राज्य सरकार द्वारा अतिक्रमण हटाने के संबंध में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। व्यास ने मांग की है कि जमीन को अतिशीघ्र अतिक्रमण मुक्त किया जाए ताकि औद्योगिक क्षेत्र का विकास तेजी से हो सके।


