सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर स्थित कृषि उपज मंडी के पास गल्ला व्यापारी के मुनीम के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। बदमाशों ने मुनीम की आंखों में मिर्ची पाउडर मारा और डंडे से हमला कर रुपयों से भरा बैग छीनकर भाग गए। वारदात देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने पीछाकर एक बदमाश को पकड़ लिया। जिसे पुलिस के हवाले कर दिया है। बैग में 15 लाख से अधिक पैसे होने की बात कही जा रही है। बैंक से पैसे निकालकर बैग में रखे थे
जानकारी के अनुसार, गल्ला व्यापारी पंकज केशरवानी की पंकज ट्रेडर्स के नाम से मंडी में दुकान है। वे अनाज खरीदने का काम करते हैं। सोमवार को उनका मुनीम सुधीर दीक्षित बैंक पैसे निकालने गया था। बैंक से पैसे निकालने के बाद वह वापस मंडी लौट रहे थे। तभी मंडी से कुछ ही दूरी पर बाइक और आटो सवार चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आंखों पर मिर्ची पाउडर मारा और डंडे से हमला कर दिया। इसी दौरान बदमाश रुपयों से भरा बैग छीनकर भाग निकले। वारदात देख लोगों ने बदमाशों का पीछा किया। इसी दौरान एक बदमाश को बाइक समेत लोगों ने धरदबोचा। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बदमाश को हिरासत में लिया और थाने ले आई। घटना के संबंध में वारदात में घायल मुनीम से पुलिस जानकारी ले रही है। वारदात के विरोध में व्यापारियों ने किया चक्काजाम
वारदात सामने आते ही मंडी परिसर में मौजूद व्यापारियों ने विरोध शुरू किया। उन्होंने सागर-खुरई रोड पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम की सूचना पर मोतीनगर, कैंट और कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। व्यापारियों को समझाइश देकर शांत कराया। व्यापारी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। मौके पर मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह वारदात को लेकर जानकारी जुटा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पकड़ाया बदमाश से पूछताछ कर रही पुलिस वारदात के दौरान एक बदमाश को पकड़ा गया है। जिसे पुलिस थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। उसके साथियों के संबंध में पुलिस जानकारी रही है। बाइक और आटो बरामद किया गया है। वहीं कुछ पैसे भी मिले हैं।


