बालाघाट में क्षेत्रीय विधायक अनुभा मुंजारे ने सेवा सहकारी समिति के धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान साल्हे (ला.) धान खरीदी केंद्र के प्रभारी और कंप्यूटर ऑपरेटर मुकेश कटरे पर किसानों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगे। इन आरोपों पर विधायक मुंजारे ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्हें फटकार लगाई। विधायक अनुभा मुंजारे ने स्पष्ट किया कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने केंद्र के सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे किसानों के प्रति अपना व्यवहार सुधारें और धान खरीदी प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करें। यह मामला किसान खेमलाल साहू से जुड़ा है। केंद्र प्रभारी और कंप्यूटर ऑपरेटर ने उनकी धान को रबी की फसल बताकर खरीदने से मना कर दिया था। आरोप है कि उन्होंने साहू के साथ अभद्रता की और एफआईआर दर्ज कराने व धान जब्त करने की धमकी भी दी थी। किसान खेमलाल साहू ने बताया कि पांच सदस्यीय टीम द्वारा लिए गए सैंपल की जांच में उनकी धान खरीफ की ही पाई गई। विधायक मुंजारे ने भी इस रिपोर्ट को देखा और कर्मचारियों को किसानों के साथ उचित व्यवहार करने की सख्त हिदायत दी। वहीं, सोसायटी प्रबंधक और पर्यवेक्षक डीके लिल्हारे ने इस मामले पर अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि बघोली के एक किसान द्वारा लाई गई कुछ बोरियों की धान सरकारी मापदंडों के अनुरूप नहीं थी। खरीदी प्रभारी ने उन्हें इसकी सूचना दी थी। लिल्हारे ने मौके पर पहुंचकर जांच की और जो धान मापदंडों के विपरीत पाई गई, उसे अलग करवाया। साथ ही, जिस धान को सफाई की आवश्यकता थी, उसे साफ करने के निर्देश दिए गए।


