राजगढ़ जिले के खिलचीपुर नगर में हर सोमवार लगने वाला सोमवारिया हाट अब गंभीर अव्यवस्था का कारण बन रहा है। झालावाड़ नाके से लेकर जीन तक का महज 300 मीटर का सड़क हिस्सा हर सप्ताह भीषण जाम में तब्दील हो जाता है, जिससे इस छोटे से रास्ते को पार करने में लोगों को करीब आधा घंटा लग जाता है। सोमवार को आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग साप्ताहिक बाजार में खरीदारी के लिए नगर पहुंचे। बाजार लगते ही सड़क के दोनों ओर दुकानों की कतारें लग गईं, जिससे वाहनों के निकलने के लिए जगह बेहद कम रह गई। देखते ही देखते दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। परेशान लोग नाराजगी जताते नजर आए
आज दोपहर के समय स्थिति और बिगड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 500 से अधिक बाइक और कई चारपहिया वाहन जाम में फंसे रहे। जाम में फंसे लोग अपनी नाराजगी जताते नजर आए। चिंताजनक बात यह है कि इस जाम में कई बार एम्बुलेंस भी फंस जाती है, जिससे आपात स्थिति में मरीजों की जान पर खतरा बन जाता है। जाम की स्थिति को संभालने के लिए मौके पर केवल दो पुलिसकर्मी तैनात थे। वे भीड़ और अव्यवस्थित दुकानों के बीच यातायात को सुचारु करने की कोशिश करते रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या हर सोमवार की है, बावजूद इसके प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। नागरिकों ने मांग की है कि या तो सोमवारिया हाट के लिए वैकल्पिक स्थान तय किया जाए, या फिर बाजार के दौरान अलग से यातायात व्यवस्था लागू की जाए, ताकि आम लोगों को इस साप्ताहिक जाम से राहत मिल सके।


