प्रतापगढ़ पुलिस ने पवन ऊर्जा पंखों से केबल चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह के दो वांछित सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है। 13 जुलाई को हुई थी चोरी इस मामले का खुलासा तब हुआ जब 14 अक्टूबर 2025 को प्रतापगढ़ की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी हरीश ने धमोतर थाने में शिकायत दर्ज कराई। हरीश ने बताया कि 13 जुलाई 2025 की रात करीब 1:07 बजे उन्हें सूचना मिली थी कि चुनाघाटी स्थित पवन ऊर्जा पंखा लोकेशन नंबर 119 पर अज्ञात बदमाशों ने पंखे का दरवाजा तोड़कर तीन कॉपर केबल काट लीं और उन्हें चुरा लिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब गार्ड मौके पर पहुंचा तो बदमाश घटना में इस्तेमाल किया गया वाहन (एमपी 43 टी 0839) छोड़कर फरार हो गए। इस संबंध में धमोतर थाने में प्रकरण संख्या 109/2025 (धारा 305 (ए), 331(4), 324(4) बीएनएस) दर्ज कर जांच शुरू की गई। पहले भी कुछ आरोपी हुए थे गिरफ्तार धमोतर थानाधिकारी घीसूलाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इस मामले में पहले भी कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें वाहन चालक संतोष पित्ता दहलिन उर्फ दल सिंह निनामा (घोड़ाखेड़ा, रतलाम), जितेंद्र मीणा (आमलीखोरा, धमोतर), कालू उर्फ कालूराम कटारा (अमरपुरा खुर्द, रतलाम) और नीलेश उर्फ कालू कटारा (भडान खुर्द, रतलाम) शामिल थे। इन सभी को न्यायालय में पेश किया गया था। अब, इस मामले में वांछित चल रहे दो अभियुक्तों विजय और विनोद पारगी खीरपुर, रतलाम आज गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश जारी रखे हुए है। यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और पुलिस उप अधीक्षक रामेश्वरलाल के मार्गदर्शन में की गई।


