भोपाल के भूत बंगले इलाके में दो तस्कर अरेस्ट:स्मैक बेचने की फिराक में थे, क्राइम ब्रांच ने दबोचा; 27.23 ग्राम स्मैक जब्त

भोपाल क्राइम ब्रांच ने भूत बंगले क्षेत्र में स्मैक तस्करी का खुलासा करते हुए दो अंतरजिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 27.23 ग्राम स्मैक और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ईदगाह हिल्स, भूत बंगले के पास स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के समीप दो युवक अवैध रूप से स्मैक रखकर उसे बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मुकेश मेहरा पिता नन्हेलाल मेहरा (37 वर्ष) और सुनील मेहरा पिता छगनलाल मेहरा (22 वर्ष), दोनों निवासी जिला नरसिंहपुर बताया। तलाशी के दौरान मुकेश मेहरा के पास से एक पारदर्शी पन्नी में 12.03 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। वहीं, सुनील मेहरा के पास से 15.20 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल फोन मिला। इस तरह दोनों के कब्जे से कुल 27.23 ग्राम स्मैक जब्त की गई। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि मुकेश मेहरा के खिलाफ गोटेगांव थाने में जुआ एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज हैं, जबकि सुनील मेहरा पर भी जुआ एक्ट के तहत एक मामला पूर्व से दर्ज है। क्राइम ब्रांच मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि स्मैक कहां से लाई गई थी और इसके वितरण से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *