MP की टीचर से फ्रॉड करने वाले राजस्थान से गिरफ्तार:लेडी टीचर ने किया था सुसाइड; खेत से खाकी वर्दी में वीडियो भेजकर धमकाते थे

मध्यप्रदेश के मऊगंज में जिन साइबर अपराधियों से परेशान होकर लेडी टीचर ने सुसाइड कर लिया था, उन आरोपियों को पुलिस ने राजस्थान के अलवर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खेत में रहकर ऑनलाइन फ्रॉड का गैंग ऑपरेट कर रहे थे। आरोपियों के नाम साहिल खान (22), मुंसेद खान (20), फरदीन खान (25) हैं। इनमें मुंसेद और फरदीन आपस में भाई हैं। जिन्हें मऊगंज पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया। गुरुवार को तीनों आरोपियों को राजस्थान से मऊगंज लाया गया है। यहां उन्हें कोर्ट में पेश किया गया है। एसपी रसना ठाकुर ने बताया कि साइबर टीम की मदद से जांच की तो मोबाइल नंबर की लोकेशन अलवर में मिली। इसके बाद राजस्थान पुलिस की मदद ली गई। इनमें से दो लोग लगातार फोन करके धमकाते थे। तीसरा वीडियो भेजता था। राजस्थान में आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से ट्रांजिट रिमांड लेकर उन्हें मऊगंज लाया गया है। डीआईजी साकेत पांडेय ने बताया कि आरोपियों के मोबाइल की जांच की जाएगी। जिस अकाउंट में पैसा गया है, उसका भी डिटेल लिया जाएगा। साइबर अपराधियों से परेशान होकर खा लिया था जहर
मऊगंज में 6 जनवरी को रेशमा पांडे (उम्र 35 वर्ष) नाम की टीचर ने साइबर जालसाजों से परेशान होकर जहर खा लिया था। जिसके बाद उसकी मौत हो गई थी। बदमाश उसे लगातार फोन पर धमका रहे थे। दो वीडियो भी भेजे थे। जिसमें पुलिस और आर्मी की वर्दी में लोग नजर आ रहे थे। वीडियो में कहा जा रहा था कि आपके खिलाफ केस दर्ज हो गया है। आपको गिरफ्तार किया जाएगा। रेशमा पांडे मऊगंज जिले के पन्नी के हाई स्कूल में गेस्ट टीचर थीं। लगातार धमकी से वह इतनी डर गई कि उसने बदमाशों के भेजे स्कैनर पर 22 हजार रुपए भी ट्रांसफर कर दिए थे। पुराने सिक्के के बदले पौने दो करोड़ का दिया था लालच
रेश्मा ने मोबाइल पर पुराने सिक्के के बारे में विज्ञापन देखा था। विज्ञापन के साथ दी गई लिंक पर रजिस्ट्रेशन कर दिया। कुछ दिन बाद अनजान नंबर से फोन आया। कॉलर ने सिक्कों के बारे में बात की और उनके फोटो भेजने को कहा। रेश्मा ने फोटो भेज दिए। इसके बाद फिर फोन आया कि आपका रजिस्ट्रेशन भी सही है। आपके पास जो सिक्के हैं, वो भी असली हैं। आपको सिक्कों के बदले एक करोड़ 75 लाख रुपए मिलेंगे। परिजन के मुताबिक इसके बाद रेश्मा के पास कई बार कॉल आए। वो अपराधियों के झांसे में आकर पैसे ट्रांसफर करती गईं। उन्होंने धीरे-धीरे 22 से 25 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए। जब वे और रुपए मांगने लगे, रेश्मा ने कहा कि पैसे नहीं दे पाऊंगी। उन्होंने मजबूरी भी बताई। इसके बाद बदमाश धमकी भरे मैसेज और वीडियो भेजने लगे। उन्होंने कहा कि पैसा नहीं दोगी, तो रुपए नहीं मिलेंगे। आपको 50 हजार रुपए का जुर्माना अलग से देना होगा। दो साल की सजा भी होगी। इसके बाद वे इतना ज्यादा डर गईं कि सुसाइड जैसा कदम उठा लिया। 49 सेकंड और 29 सेकंड के दो वीडियो भेजे थे वीडियो नंबर-1 (49 सेकंड) – इसमें पुलिस की वर्दी पहने कुछ लोग बैठे हैं, वे आपस में बात कर रहे हैं। वीडियो में ये कहा जा रहा है – ‘आप हमारे कस्टमर हैं। आपको बताना हमारी जिम्मेदारी है, क्योंकि पुलिसवालों ने हमें पुलिस स्टेशन में बुलाया था। ये वीडियो बनाकर आपको भेज रहा हूं। सभी पुलिसवाले इकट्‌ठा हैं, क्योंकि आपके ऊपर एफआईआर हो चुकी है। वे बोल रहे हैं, आपका ये जो सामान है। कहीं चोरी का तो नहीं है, जो आप नहीं ले रहे। आप इसे लीजिए, वरना वे बोल रहे हैं। आप पर एफआईआर हो चुकी है। ‘एफआईआर की फोटोकॉपी लेकर मैं आपको भेज रहा हूं। आपका एड्रेस पुलिस वालों को दे दिया है। आप जानें और पुलिसवाले जानें। आपको उठाएंगे और जेल में डालेंगे। उसमें हमारी जिम्मेदारी नहीं है। अब आपकी जिम्मेदारी है। आपका नंबर पुलिस वालों को दे दिया है। अब आप चाहे अपना मोबाइल बंद कर लें। ये पुलिसवाले आपके एड्रेस पर आएंगे और आपको जेल में डालेंगे।’ वीडियो नंबर-2 (29 सेकंड) – इसमें कुछ लोग पुलिस और आर्मी की वर्दी पहने खड़े नजर आ रहे हैं। वीडियो में ये कहा जा रहा है- ‘;आपकी लाइफ खराब हो गई है। अब आपको पता चल जाएगा। इंडियन आर्मी का पावर क्या होता है। आपको 50 हजार का जुर्माना हो जाएगा। 2 महीने की जेल और 7 दिन की रिमांड। आपके आधार कार्ड पर ऑनलाइन एफआईआर दर्ज हो गया है। अब आप देख लेना अच्छे से। इसी मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें – पौने दो करोड़ कमाकर सरप्राइज देना चाहती थी टीचर:बच्चों से कहा था-किसी से मत कहना,पैसा आने दो मऊगंज की लेडी टीचर रेश्मा पांडे पुराने सिक्कों के बदले पौने दो करोड़ रुपए मिलने के लालच में आ गई थी। इसके लिए बदमाश जैसा कहते गए, महिला वैसा करती गई। उसने कुछ रुपए भी बदमाशों को ट्रांसफर किए। बाद में जब पैसे देने से मना किया तो बदमाश धमकाने लगे। जिससे परेशान होकर उसने जहर खा लिया। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *