भास्कर संवाददाता | सागर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 कैंट में केंद्रीय विद्यालय संगठन का स्थापना दिवस एवं विद्यालय का वार्षिकोत्सव मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि कर्नल आदित्य जोशी डिप्टी कमांडेंट महार रेजीमेंट थे। उन्होंने कहा कि जीवन में अनुशासन की ए, बी, सी, डी अनिवार्य है, जो सफल और सुखी जीवन के साथ समृद्ध समाज एवं सशक्त राष्ट्र का मूल मंत्र है। कर्नल जोशी ने चार प्रकार के अनुशासन ए से एकेडमिक डिसिप्लिन, बी से बॉडी डिसिप्लिन, सी से कल्चरल डिसिप्लिन और डी से डिजिटल डिसिप्लिन का महत्व समझाते हुए विद्यार्थियों से इन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विद्यालय की शैक्षणिक, खेलकूद एवं सहशैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए अपने विद्यार्थी जीवन की स्मृतियां भी साझा कीं। समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण से हुआ। संगीत व नृत्य शिक्षिका कीर्ति सोनी एवं नेहा अग्रवाल के निर्देशन में विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। प्राचार्य मनीष गुप्ता ने स्वागत भाषण के साथ वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कक्षा 12वीं में जबलपुर संभाग में टॉप करने वाली दोनों छात्राएं इसी विद्यालय की हैं। 24 विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में भाग लिया, जिनमें सृष्टि पटेल ने कांस्य पदक प्राप्त किया तथा सिद्धांत यादव का चयन एसजीएफआई के लिए हुआ। युवा संसद में विद्यालय जोनल विजेता रहा, जबकि विद्या सेतु एआई हैकाथॉन में जोनल स्तर पर प्रथम तीन में स्थान पाने वाला एकमात्र विद्यालय रहा। विहान साहू ने ओलंपियाड में जोनल स्तर पर विशेष उपलब्धि हासिल की। इसके बाद केंद्रीय विद्यालय संगठन के गीत पर नृत्य, वंदे मातरम् पर देशभक्ति नृत्य और छात्र अंश कोतू का प्रेरक भाषण प्रस्तुत किया गया। प्राचार्य ने सभी को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई तथा विशेष उपलब्धि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को पुरस्कृत किया। आभार सरिता सिंह संचालन विद्यार्थी अनीश गुरुंग और भव्या तिवारी ने किया।


