भीलवाड़ा | नेशनल हाईवे-79 पर गुवारड़ी नाले के पास पुराने टायरों से ब्लैक ऑयल और कार्बन पाउडर बनाने वाली फैक्ट्री में भारी अनियमितताएं सामने आई हैं। फैक्ट्री से निकल रही हाइड्रोजन कार्बन और हाइड्रोजन सल्फाइड जैसी अत्यधिक ज्वलनशील व ज़हरीली गैसे छोड़ी जाती थी। प्रदूषण नियंत्रण मंडल की वैज्ञानिक अधिकारी श्वेता दाधीच और जेईएन कन्हैया लाल कुमावत ने शनिवार को फैक्ट्री का निरीक्षण किया। क्षेत्रीय अधिकारी दीपक धनेटवाल के अनुसार, फैक्ट्री संचालक को दुर्गंध मिटाने के लिए परफ्यूम डिसपेंसर में खुशबू डालने के निर्देश थे। लेकिन निरीक्षण में पाया गया कि डिसपेंसर में सिर्फ पानी था और वह भी बंद था। इसके अलावा, फैक्ट्री में केवल दो तरफ फोगर्स लगे थे जबकि तीन तरफ होने चाहिए थे। फैक्ट्री में चारों तरफ गंदगी थी। कमियों के आधार पर जुर्माना प्रस्तावित कर जांच रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी। आगामी आदेश तक फैक्ट्री बंद रहेगी।


