रतलाम में खाद के लिए अब रात नहीं गुजारनी पड़ेगी:एक दिन पहले तहसील से मिलेंगे टोकन; आज नगद वितरण बंद, कल से मिलेगा यूरिया

रतलाम में खाद वितरण को लेकर प्रशासन ने व्यवस्था बदल दी है। अब किसानों को खाद लेने के लिए एक दिन पहले टोकन लेना होगा। खास बात यह है कि टोकन खाद वितरण केंद्रों (गोदामों) की जगह तहसील कार्यालय से मिलेंगे। सोमवार को किसानों के प्रदर्शन और लंबी कतारों को देखते हुए प्रभारी कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने यह फैसला लिया है। नई व्यवस्था के तहत रतलाम तहसील के दिलीप नगर, बिरियाखेड़ी और कृषि उपज मंडी केंद्र के लिए अब गोदामों से टोकन नहीं मिलेंगे। 17 दिसंबर को खाद लेने के लिए किसानों को आज (16 दिसंबर) दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक रतलाम तहसील कार्यालय से टोकन दिए जाएंगे। इस बदलाव से किसानों को रात में सेंटर्स पर लाइन नहीं लगानी पड़ेगी। आज इन 7 केंद्रों पर खाद का वितरण नहीं कृषि विभाग की उप संचालक नीलम चौहान ने बताया कि आज (16 दिसंबर) दिलीप नगर, सैलाना, बाजना, रावटी, पिपलौदा, आलोट और ताल केंद्रों पर खाद का नगद वितरण नहीं होगा। जिले में आज 1400 मीट्रिक टन यूरिया की रैक पहुंच रही है। इसके बाद कल (17 दिसंबर) से इन केंद्रों पर खाद का वितरण शुरू किया जाएगा। मंडी में हंगामे के बाद जागा प्रशासन दरअसल, खाद के लिए किसानों को भारी परेशान होना पड़ रहा था। वे टोकन के लिए रात-रात भर केंद्रों के बाहर सो रहे थे। सोमवार को भी रतलाम कृषि उपज मंडी में अव्यवस्था से नाराज किसानों ने प्रदर्शन किया था। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल बैठक कर टोकन वितरण की व्यवस्था में बदलाव किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *