भास्कर न्यूज | बड़की सरिया सरिया थाना क्षेत्र में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेताओं व कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। इस संबंध में सोमवार को झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अशोक मंडल के नेतृत्व में कार्यकर्ता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय पहुंचे और आवेदन देकर न्याय की मांग की। आवेदन में कहा गया है कि हाल के दिनों में झामुमो नेता त्रिभुवन मंडल पर साजिश के तहत झूठा मुकदमा दर्ज किया गया है। उनकी राजनीतिक छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही अन्य कार्यकर्ताओं को भी फर्जी मामलों में फंसाने की साजिश रची जा रही है। प्रखंड अध्यक्ष ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर झूठे मुकदमे वापस लेने तथा फर्जी मामला दर्ज कराने वालों पर प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो झामुमो आंदोलन करने को बाध्य होगा। मौके पर झामुमो नेता कृष्ण मुरारी पांडेय, काजिम अंसारी, सेवा दास, गिरधारी पासवान समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।


