नकली नोट कांड में फरार आरोपी गिरफ्तार:इंस्ट्राग्राम से किया था नकली नोटों का सौदा,45 नकली नोट-प्रिंटर और कैमिकल जब्त; गुजरात के तस्कर की तलाश

इंदौर क्राइम ब्रांच ने सोशल मीडिया के जरिए नकली नोटों का सौदा करने वाले गिरोह के एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 45 नकली नोट, एक प्रिंटर और नोट छापने में उपयोग होने वाला केमिकल बरामद किया गया है। एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया के नेतृत्व में टीम ने नकली नोट कांड में फरार चल रहे आरोपी अंकित बोरासी निवासी बाणगंगा को पकड़ा है। इससे पहले क्राइम ब्रांच ऋषिकेश टोंडे, वंश केथवास, रितेश नागर और अंकुश यादव को गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ के दौरान इन्हीं आरोपियों ने अंकित बोरासी की भूमिका का खुलासा किया था। क्राइम ब्रांच के मुताबिक अंकित के पास से एक प्रिंटर और 45 नकली नोट बरामद हुए हैं। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एक आपराधिक मामला दर्ज हुआ है। 50 हजार के नकली नोट के बदले 20 हजार की डील प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने इंस्टाग्राम के माध्यम से गुजरात के एक युवक से संपर्क बढ़ाया था। बातचीत के दौरान 50 हजार रुपए के नकली नोट देने के बदले 20 हजार रुपए लेने की डील तय हुई थी। गुजरात के युवक ने आरोपियों को नकली नोट छापने का तरीका और उसमें इस्तेमाल होने वाले केमिकल की जानकारी भी दी थी। दो लाख के नकली नोट मंगवाए थे पुलिस के अनुसार आरोपियों ने करीब 2 लाख रुपए के नकली नोट मंगवाए थे, जिनकी डिलीवरी झाबुआ के पास दी गई थी। इसके बाद आरोपी अपने अन्य साथियों से संपर्क कर इन नोटों को बाजार में खपाने की योजना बना रहे थे। इसी दौरान क्राइम ब्रांच को इसकी भनक लग गई और कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह को पकड़ लिया गया। गुजरात के युवक की तलाश नकली नोट गुजरात के युवक के माध्यम से इंदौर आए थे। क्राइम ब्रांच पकड़े गए आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है और उनकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों को तलाश रही है। पुलिस गुजरात के युवक तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। उसके पकड़ाने पर पूरा मामला खुलने की उम्मीद है।
ब्राउन शुगर के साथ पकड़ाया आरोपी
एक अन्य मामले में इंदौर क्राइम ब्रांच ने ब्राउन शुगर के साथ एक आरोपी को पकड़ा है। आरोपी का नाम राकेश पटेल निवासी राजनगर है। वह पूर्व में पकड़ाए आरोपी नितेश मेहरा का साथी है। उससे पूछताछ में ही राकेश के बारे में जानकारी मिली थी कि वह ब्राउन शुगर का काम करता है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। ये खबर पढ़िए… क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, नकली नोट प्रकरण में चार गिरफ्तार इंस्टाग्राम पर रील देखकर नकली नोट मंगवाने वाले चार आरोपियों को इंदौर क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। चारों आरोपी दोस्त हैं और वे नकली नोट खपाने का बड़ा मार्केट बनाने की फिराक में थे। आरोपियों ने क्राइम ब्रांच को बताया कि नोट भेजने वाले ने खुद को गुजरात का बताया था। क्राइम ब्रांच उस आरोपी की तलाश कर रही है। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *