डीडवाना-कुचामन जिला पेंशनर्स समाज बुधवार 17 दिसंबर को डीडवाना में पेंशनर्स दिवस मनाएगा। इस अवसर पर केंद्र सरकार से 8वें वेतन आयोग को लागू करने और पेंशनर्स को सभी परिलाभ प्रदान करने की मांग को लेकर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
जिला स्तरीय समारोह पुरानी पंचायत समिति सभा हॉल, डीडवाना में सुबह 11 बजे होगा। जिला पेंशनर्स समाज के जिला प्रवक्ता मनवर अली उसमानी ने बताया कि यह आयोजन जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद वैष्णव के मार्गदर्शन में होगा। प्रदेश स्तर से मिले निर्देशों के अनुसार, जिले की सभी तहसील मुख्यालयों पर भी पेंशनर्स दिवस मनाया जाएगा।
जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद वैष्णव ने जिले के सभी पेंशनर्स से अपील की है कि वे अपने-अपने तहसील स्तरीय कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाएं। उसमानी ने बताया कि समारोह के बाद 8वें वेतन आयोग को लागू करने और पेंशनर्स को सभी परिलाभ देने की मांग को लेकर संबंधित उपखंड अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने सभी पेंशनर्स से इस ज्ञापन कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से भाग लेने का आग्रह किया है।
डीडवाना ब्लॉक के सभी पेंशनर्स के लिए आयोजन जिला मुख्यालय पर ही सुबह 11 बजे रखा गया है। उनसे भी इस कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की गई है।


