भोपाल में अधूरे घर के प्रोजेक्ट…लोगों का गुस्सा फूटा:बोले- 8 साल से भटक रहे; महापौर ने कहा-रेरा की परमिशन से काम लेट, अब जल्द देंगे

भोपाल में नगर निगम के अधूरे हाउसिंग फॉर ऑल प्रोजेक्ट को लेकर अब लोगों का गुस्सा फूटने लगा है। मंगलवार को 12 नंबर मल्टी प्रोजेक्ट का निरीक्षण करने पहुंची महापौर मालती राय को भी लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। उन्होंने पूछा कि काम पूरा कब होगा? इस पर महापौर राय ने कहा- रेरा की परमिशन से काम लेट हो गया, लेकिन अब जल्दी कर रहे हैं। मई 2026 तक सभी को आवास दे देंगे। वार्ड नंबर-49 स्थित 12 नंबर स्टॉप में नगर निगम प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत फ्लैट्स बना रहे हैं। मंगलवार को महापौर राय प्रोजेक्ट का निरीक्षण करने पहुंची। उनके साथ एमआईसी मेंबर छाया ठाकुर भी थीं। निरीक्षण के दौरान वे लोग भी यहां पहुंचे, जिन्होंने फ्लैट्स की बुकिंग की है। उन्होंने महापौर से शिकायत की कि यहां बारिश का पानी भी भर जाता है और बिल्डिंग की क्वालिटी पर भी ध्यान दें। एक व्यक्ति ने तो रास्ता रोकते हुए पूछा कि मकान कब तक देंगे? मैं जनवरी तक रुका हूं। महापौर राय ने भी बात कर समझाया। कई लोगों ने कहा कि 8 साल बाद भी मकान नहीं मिल पाया है। महापौर राय ने बताया, 12 नंबर मल्टी में जिन लोगों ने घर की बुकिंग कराई थी, उन्होंने बहुत दिनों से पैसा जमा कर रखा है, लेकिन रेरा की अनुमति नहीं मिली थी। इस वजह से लेट हो गए। अब रेरा की अनुमति मिल गई है। इसलिए काम तेजी से कर रहे हैं। अगले साल मई तक सभी मकान लोगों को दे देंगे। महापौर ने माना कि घर नहीं मिलने की वजह से लोगों को दो जगह से मार पड़ रही है। पहली बैंक लोन की किश्त और दूसरी मकान का किराया। इसलिए काम को जल्दी पूरा करेंगे। 2 तस्वीरों में देखिये प्रोजेक्ट और निरीक्षण… साल 2017 में हुई थी प्रोजेक्ट की शुरुआत
12 नंबर बस स्टॉप पर पीएम आवास योजना के अंतर्गत 2017 में प्रोजेक्ट की शुरुआत हुई थी। इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत MIG 216, LIG 576 और EWS 1008 फ्लैट बनाए जा रहे हैं। निगम ने वर्ष 2017 में ही बड़ा इवेंट कर इन फ्लैट्स की बुकिंग शुरू की थी। आवंटन आवासधारियों का कहना है कि बुकिंग के दौरान हमें बताया गया था कि 2 साल बाद यानी, वर्ष 2019 में प्रोजेक्ट पूरा हो जाएगा, लेकिन 8 साल बीतने के बाद भी प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत प्रोजेक्ट अधूरा है। इसके चलते कई बार प्रदर्शन भी कर चुके हैं। इसके बाद कुछ लोगों को घर आवंटित जरूर किए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *