राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में खाद वितरण को लेकर किसानों को हो रही परेशानी की खबर के बाद प्रशासन ने सक्रियता दिखाते हुए व्यवस्था को बेहतर और नियंत्रित कर दिया है। मंगलवार को खाद वितरण के लिए नया मॉडल अपनाया गया, जिससे न तो भीड़ बेकाबू हुई और न ही किसानों को घंटों भटकना पड़ा। प्रशासन ने सोमवारिया हाईवे 52 के पास स्थित मृदा प्रशिक्षण प्रयोगशाला को टोकन वितरण केंद्र बनाया। यहां सुबह 7 बजे से 9 बजे तक किसानों को उनके आधार कार्ड और जमीन की पट्टी के आधार पर टोकन दिए गए। ठंड के बावजूद किसान सुबह जल्दी पहुंच गए और लाइन में लगकर शांतिपूर्वक टोकन लेते नजर आए। ठंड से बचने के लिए किसानों ने केंद्र के बाहर अलाव जलाकर इंतजाम भी किया। सुबह 10 बजे से पास में स्थित वेयरहाउस से टोकन के आधार पर खाद का वितरण शुरू किया गया। पूरी व्यवस्था पर एसडीएम अंकिता जैन और तहसीलदार विनीत गोयल सुबह से ही मौके पर मौजूद रहकर नजर बनाए रहे। अधिकारियों की मौजूदगी और सख्त मॉनिटरिंग के कारण कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनी। कृषि विकास अधिकारी ने बताया कि विभाग के पास करीब 5 हजार बोरी खाद का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार खाद दी जा रही है, जिससे आगे किसी तरह की परेशानी नहीं आएगी। देखिए तस्वीरें…


