बासवा | जय नागराज मानव सेवा समिति व ग्रामीणों के सहयोग से सात दिनी संगीतमय श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ मंगलवार को कलश यात्रा से हुआ। व्यास पीठ पर वैदिक रीति व मंत्रोच्चार के बीच कलशों की स्थापना की गई। कथावाचक पूज्य दीदी मुक्तामणि तिवारी ने कहा कलयुग में भागवत कथा कराने व सुनने का बड़ा महत्व है। सेवा सहकारी संस्था मर्यादित के पीछे खलिहान में आयोजित कथा पंडाल से वैदिक रीति के साथ शुरू हुई कलश शोभायात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। बालिकाएं सिर पर कलश रखकर बैंडबाजे के साथ शामिल हुई। यात्रा शीतला माता मंदिर, बागड़ा मोहल्ला, चौक मोहल्ला, नया राम मंदिर चौक, सेजगाया मोहल्ला, पुराना राम मंदिर, हनुमान मोहल्ला, अंबेडकर मोहल्ला, पांडर मोहल्ला होकर वापस कथा स्थल पहुंची। पहले दिन बड़ी तादाद में श्रद्धालु कथा सुनने पहुंचे।


