भास्कर संवाददाता । मुरैना जिले के बानमौर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 स्थित नगर पालिका तिराहा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। सोमवार देर रात यहां हुए सड़क हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही बानमौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए ग्वालियर अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान न होने के कारण पुलिस ने मंगलवार को शव को मुरैना जिला अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवाया है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष है। उसने पैंट-शर्ट और काली जर्सी पहन रखी थी तथा उसके हाथ पर वीरू लिखा हुआ था। पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए उसकी फोटो और विवरण जिले के सभी थानों सहित आसपास के जिलों में भेज दिए हैं। पहचान होने के बाद पोस्टमार्टम कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच बानमौर थाना पुलिस कर रही है। जिले में ब्लैक स्पॉट में शामिल है नगर पालिका तिराहा बानमौर का नगर पालिका तिराहा जिले में चिन्हित किए गए ब्लैक स्पॉट्स में शामिल है। इसके बावजूद यहां सड़क हादसों को रोकने के लिए यातायात पुलिस और संबंधित विभागों द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। नतीजतन यह चौराहा लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। आंकड़ों के अनुसार, बीते एक माह में इसी ब्लैक स्पॉट पर हुए पांच सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें दो मामलों में ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवारों की जान गई, जबकि तीन हादसे सड़क पार कर रहे पैदल यात्रियों के साथ हुए। तेज रफ्तार वाहन, भारी यातायात और सुरक्षित क्रॉसिंग की व्यवस्था न होना हादसों की मुख्य वजह मानी जा रही है।


