बालोतरा | शहर के पंचायत समिति परिसर मंे मंगलवार को भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से जिले में जिला स्तरीय नकद प्रबंधन समिति की बैठक भारतीय रिजर्व बैंक के अधिकारी आकाश गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। भारतीय रिजर्व बैंक के अधिकारी आकाश गुप्ता ने बैठक में जाली नोट, बैंकों की ओर से कटे फटे नोटों की अदला बदली, सिक्कों का वितरण, 10 एवं 20 रुपए के नए नोटों के वितरण से संबधित मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। रिज़र्व बैंक की ओर से सभी बैंकों से नकदी वितरण से संबंधित प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली गई। साथ ही निर्देश दिए कि नए नोटों का वितरण बैंकों की ओर से आमजन को किया जाए। नोटों के बदलने में भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से जारी सभी नियमों की पालना सुनिश्चित की जाए। बैठक में बैंकों की ओर से नकदी संबंधित आ रही परेशानियों के बारे में रिजर्व बैंक अधिकारी को अवगत भी कराया गया। बैठक में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक सहित सभी बैंकों के प्रतिनिधि शामिल रहे।


