दौसा में पुलिस लाइन के पास जेल के सामने स्थित पुलिस के सरकारी आवासों में लाखों रुपए की चोरी का मामला सामने आया है। घटनाक्रम बीती रात का है, जहां चोरों ने दो क्वाटरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी पर हाथ साफ कर गए। यहां चोरों ने उन पुलिस कर्मियों के घरों में वारदातों को अंजाम दिया जो लोगों की सुरक्षा के लिए रात्रि ड्यूटी पर थे। बुधवार सुबह पुलिस कर्मियों के वापस लौटने पर वारदात का पता चला तो हडंपच मच गया। सूचना पर डिप्टी एसपी धर्मेन्द्र शर्मा और सदर थाना इंचार्ज मुकेश कुमार ने मौके पर पहुंच जानकारी ली। पीड़ित पुलिसकर्मी यह बोले
पहली वारदात कोतवाली थाने में तैनात हेड कांस्टेबल बिशन सिंह के आवास में हुई। उन्होंने बताया कि बाइक चोरी के मुकदमें की तफ्तीश के लिए थाने से रवानगी थी। जिसके लिए ड्यूटी पर था। बीती रात करीब 2 बजे अज्ञात चोरों ने क्वाटर का ताला तोड़कर कीमती सामान, जेवरात और करीब 30 हजार रुपए पार कर ले गए। वहीं दूसरी वारदात सदर थाने में तैनात कांस्टेबल धर्मेन्द्र के आवास में हुई। उन्होंने बताया कि वह सुबह 8 बजे ड्यूटी पर थाने चला गया था। 24 घंटे बाद अगले दिन सुबह वापस लौटने पर क्वाटर का गेट आधा खुला हुआ मिला। अंदर देखा तो बैड के बॉक्स में रखे सोने-चांदी जेवरात और करीब 35 हजार रुपए समेत अन्य सामान गायब मिला। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए
पीड़ित पुलिस कर्मियों का कहना है कि वह रात्रि को ड्यूटी पर थे और पीछे से चोरों ने उनके आवासों में वारदात को अंजाम दिया। यहां सरकारी आवासों के आसपास सार्वजनिक लाइट की व्यवस्था नहीं होने से रात को अंधेरा पसरा रहता है। कटीली झांडियों के कारण रास्ता भी ठीक नहीं हैं। ऐसे में मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और चोरों की तलाश शुरू कर दी है। FIR दर्ज कर टीम गठित की- SHO
मामले को लेकर सदर थाना इंचार्ज मुकेश कुमार का कहना है कि दो पुलिस कर्मियों के आवासों में चोरी की सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंच मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए हैं। दोनों ही जवानों के आवास से सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चोरी हुई है। रिपोर्ट के आधार पर एफआइआर दर्ज कर ली गई है। वारदात में कितने बदमाश शामिल थे, इसकी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।


