माय जीएसटी टीम ने बुधवार को छतरपुर जिले के नौगांव रोड स्थित वार्ड नंबर-1, सौंरा तिराहा, नारायणपुरा रोड पर संचालित अब्जल खान की टाइटन आयरन स्क्रैप ट्रेडर्स पर बड़ी कार्रवाई की। सतना और छतरपुर जीएसटी विभाग की संयुक्त टीम ने अचानक गोदाम पर छापा मारा, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने गोदाम में रखे लोहा, चद्दर, गत्ता, किताबें, प्लास्टिक सहित भारी मात्रा में कबाड़ की जांच शुरू की। मौके पर मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की गई और कबाड़ की खरीदी-बिक्री से जुड़े रजिस्टर, बिल, टैक्स रिकॉर्ड तथा वैध अनुमति पत्रों की गहन पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जांच में कई बिंदुओं पर संदेह सामने आया है। बड़ी लकड़ी ताल के पास स्थित दूसरे गोदाम में अधिकारियों के पहुंचते ही गोदाम प्रभारी ताला लगाकर फरार हो गया। सूत्रों के अनुसार, यह छापा अवैध रूप से संग्रहित कबाड़ और नियमों के संभावित उल्लंघन की शिकायतों के बाद मारा गया है। टीम यह भी जांच कर रही है कि कबाड़ किस स्रोत से आया और उस पर जीएसटी का सही भुगतान किया गया है या नहीं। जीएसटी टीम के अधिकारी सुरेंद्र पांडेय ने बताया कि व्यापारी फिलहाल मौके पर मौजूद नहीं है, केवल कर्मचारी ही गोदाम में पाए गए हैं। व्यापारी के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है ताकि उससे सीधे पूछताछ की जा सके। कबाड़ की बड़ी मात्रा को देखते हुए दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है। जांच में अनियमितता पाए जाने पर जुर्माना, जब्ती और अन्य कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई अभी जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी तथा अंतिम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।


