भिंड में प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने चलाई गोली:लड़की के परिजनों ने लड़के के परिवार पर किया हमला, फायरिंग की बाइक जलाई

भिंड जिले के रावतपुरा सरकार थाना क्षेत्र के टोला गांव में प्रेम विवाह को लेकर उपजे विवाद में फायरिंग का मामला सामने आया है। जहां लड़की के परिजनों ने एक दंपत्ति को घेरकर हवाई फायरिंग की। साथ ही उनकी बाइक में आग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दंपत्ति को सुरक्षित बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर को टोला गांव निवासी स्वामी शरण दुबे अपनी पत्नी के साथ गांव स्थित घर आए हुए थे। इसी दौरान गांव के 7 से 8 लोगों ने उनके घर की घेराबंदी कर दी। जान का खतरा देख दंपत्ति घर के अंदर ही खुद को बंद कर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने घर के बाहर ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग शुरू कर दी और बाहर खड़ी स्प्लेंडर बाइक में आग लगा दी गई। पुलिस ने दंपत्ति को निकाला
घटना की सूचना तत्काल रावतपुरा सरकार थाना पुलिस को दी गई। करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने घर के अंदर फंसे पति-पत्नी को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर भेजा और पीड़ित से शिकायती आवेदन लिया। बताया जा रहा है कि करीब छह महीने पहले गांव की एक युवती ने फरियादी के बेटे से प्रेम विवाह किया था। इसी बात को लेकर गांव के कुछ लोगों में नाराजगी बनी हुई थी, जो इस घटना की वजह बताई जा रही है। पीड़ित स्वामी शरण दुबे ने बताया कि उन पर जानलेवा हमला किया गया। वह और उनकी पत्नी किसी तरह घर के अंदर छिपकर अपनी जान बचा सके। हमलावरों ने उनकी बाइक जला दी। उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। वहीं रावतपुरा सरकार थाना प्रभारी कमलकांत दुबे ने बताया कि फायरिंग की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल पर जली हुई बाइक मिली है। दंपत्ति को सुरक्षित निकाल लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ जल्द मामला दर्ज किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *