जिला प्रशासन द्वारा बुधवार को हातोद में एक अवैध फैक्ट्री पर दबिश देकर दो लोडिंग रिक्शा सहित 100 किलो बारूद, रस्सी और कलर बरामद किया है। इसके साथ ही पुलिस द्वारा संचालक राहुल अग्रवाल सहित तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। एडीएम रोशन राय ने बताया कि मौके पर बिना लाइसेंस के पटाखे का निर्माण होना पाया गया है। इसके बाद पूरे माल को जब्त करने के साथ ही अवैध फैक्ट्री को भी तोड़ने की कार्रवाई की गई। प्रशासन की नजरों से बचने के लिए यहां फाॅर्म हाउस की आड़ में अवैध फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। गाय का शेड बनाकर 8 गाएं भी पाली जा रही थी। इससे लोगों को आभास हो कि फार्म हाउस में गाय पाली जा रही हैं। ग्राम सोनगिरी तहसील हातोद स्थित चावड़ा कृषि फार्म हाउस जो लगभग 10 हजार वर्ग फीट क्षेत्रफल में बना हुआ है। यह फाॅर्म हाउस कृषि भूमि है जो हितेंद्र सिंह पिता बहादुर सिंह एवं आदित्यराज पिता बहादुर सिंह निवासी ग्राम सोनगिर के नाम पर हैं। इस फाॅर्म हाउस को राहुल अग्रवाल निवासी विद्या पैलेस कॉलोनी द्वारा 26 मार्च 2025 से कृषि भूमि किराए पर लेने का अनुबंध किया। इसके बाद राहुल द्वारा यहां शेड का निर्माण किया गया। शेड निर्माण होने के बाद अवैध पटाखा फैक्ट्री जिसमें सुतली बम बनाने का काम किया जा रहा था। मौके से विजय पिता दौलत सिंह निवासी अरविंदो हॉस्पिटल के पास, सागर पिता नंदकिशोर प्रजापत निवासी हम्माल कॉलोनी, रंजीत पिता सुरेंद्र सिंह ठाकुर निवासी रुकमणि नगर इंदौर को हिरासत में लिया गया और दो वाहन मारुति सुपरकैरी और महिंद्रा वीरो बिना नंबर वाहन वाली जब्त की गई । दोनों वाहनों में काफी मात्रा में तैयार सुतली बम और पटाखा निर्माण की सामग्री बड़ी मात्रा में जब्त की गई । 10 हजार वर्गफीट में बने शेड को तोड़ा गया। बिजली के कनेक्शन वाली डीपी भी हटाई गई। उधर, बिचौली हप्सी के राजधरा में सना फायर वर्क्स पटाखा इकाई निरीक्षण में पाया गया कि निर्धारित सुरक्षा मानदंडों का उल्लंघन किया जा रहा था। विशेष रूप से सुतली बम को असुरक्षित स्थान पर खुले में सुखाया जा रहा था, जिससे गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। इस पर इसे सील कर दिया गया। राऊ में चांद सितारा पटाखा हाउस के विरुद्ध कार्रवाई की गई और प्रतिष्ठान को सील किया गया। इसी तरह एक अन्य निरीक्षण की कार्रवाई में ग्रो वेल फीड प्रोडक्शन यूनिट में आवश्यक अनुमति और निर्धारित मापदंडों का पालन नहीं किया जाना पाया गया, जिस पर प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए यूनिट को सील किया गया।
सांवेर में देर रात पटाखा दुकानों में भीषण आग लग गई थी। बुधवार को प्रशासन ने यहां जेसीबी से अवैध तरीके से बनी दुकानों और गोदाम ध्वस्त करते हुए 10 हजार वर्ग फीट सरकारी जमीन को मुक्त कराया।


