भास्कर न्यूज | सरायकेला जिले के कांड्रा थाना अंतर्गत बालीडीह के रहने वाले 55 वर्षीय रेलवे कर्मचारी सूजन टुडू की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद ग्रामीणों ने उनके डेड बॉडी को कांड्रा टोल ब्रिज के पास रखते हुए मुख्य सड़क को जामकर दिया। इस दौरान लगभग 2 घंटे तक सरायकेला टाटा मुख्य सड़क में यातायात परिचालन पूरी तरह से ठप रहा। परिवार वाले एवं ग्रामीणों द्वारा पुलिस पर आरोप लगाते हुए बताए टक्कर मारने वाले वाहन को जप्त की गई थी परंतु उसे छोड़ दिया गया है ।ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस जानबूझकर टक्कर मारने वाले वाहन को छूट दी है। बताया जा रहा है कि रेल कर्मचारी कांड्रा में ही प्रतिनियुक्ति थे और 11 दिसंबर को सेन इंटरनेशनल स्कूल के पास सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिन्हें इलाज के लिए जमशेदपुर टीएमएच में भर्ती कराया गया था, परंतु उनकी स्थिति लगातार बिगड़ते गई। परिवार वालों द्वारा उन्हें 13 दिसंबर को ब्रह्मानंद अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई। परिवार वालों ने सदर अस्पताल सरायकेला में पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद मामले पर उचित कार्रवाई की मांग करते हुए कांड्रा पहुंचकर मुख्य सड़क को जाम कर दिया है। सड़क जाम से मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है।


