भास्कर न्यूज | बालोद तनावमुक्त और खुशहाल जीवन के लिए वाह जिंदगी वाह शिविर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के आत्मज्ञान भवन आमापारा के पास स्थित मैदान में 26 से 30 दिसंबर तक शाम 6:30 से 8 बजे तक किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय ट्रेनर और प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर प्रोफेसर ईवी गिरीश मुंबई बालोद आ रहे हैं। शिविर में प्रतिभागियों को संकल्प, संबंध और कर्म में मधुरता लाने की कला सिखाई जाएगी, ताकि आने वाला नया वर्ष 2027 उत्साह, उमंग और खुशियों से भरा हो। प्रो. गिरीश तनावमुक्त जीवन के रहस्य, चुनौतियों का सामना करने और आंतरिक शक्ति को जागृत करने के व्यावहारिक उपाय साझा करेंगे। प्रो. ईवी गिरीश पिछले 30 वर्षों से राजयोग ध्यान विधियों, ईश्वर प्रदत्त बुद्धिमत्ता और गहन आध्यात्मिक अंतर्दृष्टि के माध्यम से लोगों के जीवन को बदलने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने इसरो, भारतीय सेना-असम राइफल्स, नाबार्ड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा इंस्टीट्यूट, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, कई विश्वविद्यालयों और आईआईएमएस में नेतृत्व, संबंध, तनाव प्रबंधन, ऊर्जा जागरण और माइंड पॉवर जैसे विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दिया है। सभी इच्छुक प्रतिभागी शाम 6:30 से 8 बजे तक इस शिविर का लाभ ले सकते हैं। प्रवेश पूर्णतः निशुल्क है, लेकिन रजिस्ट्रेशन आवश्यक रखा गया है। शहर में शिविर के प्रचार कार्ड वितरित किए जा रहे हैं और प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग्स लगाई गई हैं। तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।


