डग विधायक मेघवाल और उनके दो गनमैन सड़क हादसे में घायल

झालावाड़ के डग से बीजेपी विधायक कालूराम मेघवाल और उनके दो गनमैन मनीष व सुरेश सड़क हादसे में घायल हो गए। विधायक मेघवाल अपने दोनो गनमैन के साथ कार से जयपुर जा रहे थे। हादसा उस समय हुआ जब हैगिंग ब्रिज के आगे शंभूपुरा तिराहे पर एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। जिससे विधायक और दोनो गनमैन घायल हो गए। उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज के अस्पताल ले जाया गया। जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। प्याज से भरा यह ट्रक एमपी नंबर का था। सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम और डीएसपी मनीष शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर इलाज की पूरी व्यवस्था देखी। डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया कि अब तीनों की हालत ठीक है। तीनों मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती हैं। नांता सीआई चेतन शर्मा ने बताया कि विधायक कोटा से जयपुर जा रहे थे। उन्हें शंभपुरा से होते हुए बूंदी की तरफ जाना था, लेकिन उनकी गाड़ी जैसे ही शंभुपूरा तिराहे पर कट पर घूमी तो चित्तौड़ की ओर से आ रहे प्याज से भरे ट्रक ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मारी। एमएलए गाड़ी में आगे बैठे थे जबकि दोनों गनमैन पीछे बैठे थे। हादसे में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनमैनों ने विधायक को गाड़ी से निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। तीनों को घायलावस्था में मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में लाया गया। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा ने बताया कि विधायक की पसली में फ्रैक्चर है और एक गनमैन के कॉलर बोन में फ्रैक्चर है। तीनों का इलाज किया जा रहा है। खतरनाक है शंभूपुरा तिराहे का कट…. ओवरब्रिज पर नहीं चढ़ने के कारण हुआ हादसा हैंगिंग ब्रिज से शंभुपूरा जाने के लिए तिराहे पर बने ओवरब्रिज पर चढ़ना होता है। कुछ साल पहले यह ओवरब्रिज सेना की आपत्ति के कारण बंद था। सभी वाहनों को इसके नीचे से होकर डिवाइडर के बीच में बनाए गए कट से पुलिया के नीचे से होकर जाना पड़ता था लेकिन अब ब्रिज से आवागमन शुरू हो गया है। एमएलए का ड्राइवर ओवरब्रिज पर नहीं चढ़ा। उसे पुराना ही रास्ता याद रहा तो उसने कट से गाड़ी घुमाई तो तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक के चालक ने भी ब्रेक नहीं लगाए और सीधे टक्कर मार दी। गनीमत यही रही कि किसी को अधिक चोट नहीं लगी। सीआई चेतन शर्मा का भी कहना है कि यह कट काफी खतरनाक है। यहां हादसे होते रहते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *