शाजापुर में सरकारी दफ्तर में मिलीं दो युवतियां:स्थानीय शिकायत पर पुलिस ने तोड़ा ताला; युवक फरार, युवतियों को थाने ले गई

शाजापुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत टंकी चौराहे पर स्थित एम.पी. स्टेट एग्रो इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के शासकीय कार्यालय में बुधवार रात करीब 11 बजे पुलिस ने कार्रवाई की। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने चैनल गेट का ताला तोड़कर कार्यालय की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार्यालय के अंदर से दो युवतियां मिलीं। पुलिस दोनों युवतियों को बाहर निकालकर पुलिस वाहन से कोतवाली थाने ले आई, जहां उनसे पूछताछ जारी है। स्थानीय लोगों ने शिकायत की थी कि रात के समय शासकीय कार्यालय में शोर-शराबा हो रहा था। कुछ लोगों ने आवाज लगाई तो वहां मौजूद युवक चैनल गेट पर ताला लगाकर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने युवतियों और युवकों को कार्यालय के अंदर जाते देखा था, जिसके बाद उन्होंने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पत्थर-हथौड़े से ताला तोड़कर प्रवेश किया कार्यालय में हलचल और शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए थे। सूचना मिलते ही डायल 112 और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पत्थर और हथौड़े की मदद से ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। बताया जा रहा है कि युवतियों के साथ कुछ युवक भी थे, जो युवतियों को अंदर छोड़कर ताला लगाकर भाग गए। पुलिस फिलहाल दोनों युवतियों से पूछताछ कर रही है और फरार युवकों की तलाश जारी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। देर रात शासकीय कार्यालय में युवतियों और युवकों की मौजूदगी से हलचल मच गई। शासकीय कार्यालय में युवतियों का इस तरह मिलना संदेह पैदा करता है। आखिरकार युवतियों को वहां कौन लेकर आया था और युवकों के पास इस कार्यालय की चाबी कैसे पहुंची। पुलिस इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *