स्कूटी फाइनेंस कराने पहुंचा तो खुला फर्जी लोन का राज:कार पेंटर के नाम से किसी ने ले लिए 6.25 लाख के दो लोन, साइबर सेल कर रही जांच

ग्वालियर में एक कार पेंटर को उस समय धोखाधड़ी का शिकार होने का पता चला, जब वह स्कूटी फाइनेंस कराने के लिए एक शोरूम पर पहुंचा। बैंक कर्मचारियों ने उसकी सिविल रिपोर्ट जांची, जिसमें उसके नाम पर दो अनधिकृत लोन दर्ज होने की जानकारी सामने आई। ये दोनों लोन पंजाब एंड सिंध बैंक में दर्ज हैं, जिनकी कुल राशि 6 लाख 25 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित परमाल सिंह पुत्र ज्ञान सिंह डबरा देहात के प्रेम नगर कॉलोनी का निवासी है और पेशे से कार पेंटर है। परमाल सिंह ने बताया कि किसी अज्ञात ठग ने उसके आधार और पैन कार्ड नंबर का दुरुपयोग कर फर्जी तरीके से दो लोन ले लिए। पीड़ित का कहना है कि उसने आज तक कोई लोन नहीं लिया, यहां तक कि मोबाइल तक फाइनेंस नहीं कराया है। गरीब परिवार, बढ़ी परेशानी परमाल सिंह के मुताबिक वह एक गरीब परिवार से ताल्लुक रखता है और पेंटिंग का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। अचानक उसके नाम पर लाखों रुपए के फर्जी लोन होने की जानकारी मिलने से वह और उसका परिवार मानसिक तनाव में है। पीड़ित का कहना है कि इस मामले के सामने आने के बाद से उसका दिन का चैन और रात की नींद तक उड़ गई है। साइबर सेल में शिकायत, कार्रवाई का भरोसा पीड़ित ने बुधवार शाम को साइबर सेल थाने पहुंचकर इस धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अधिकारियों ने मामले में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। परमाल सिंह ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाते हुए जालसाज के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *