सिवनी में यातायात व्यवस्था सुधारने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कोतवाली और यातायात पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता के निर्देश पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने रात में शहर के भैरोगंज क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों पर पैदल गश्त की। इस गश्त का मुख्य उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना और आपराधिक तत्वों में भय पैदा करना था। कोतवाली पुलिस और ट्रैफिक थाना पुलिस ने सोमवारी चौक, भैरोगंज से परतापुर रोड, पीजी कॉलेज होते हुए हनुमान व्यायाम शाला और जैन मंदिर तक भ्रमण किया। इस दौरान तीन सवारी वाले दुपहिया वाहनों, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों और सड़क पर खड़े वाहनों पर विशेष ध्यान दिया गया। अभियान के तहत 14 वाहनों पर चालानी कार्रवाई अभियान के तहत मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत कुल 14 वाहनों पर चालानी कार्यवाही की गई, जिनसे 5700 रुपए का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले, नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने वाले, दुपहिया वाहन पर तीन सवारी ले जाने वाले, मौके पर लाइसेंस प्रस्तुत न करने वाले और अनियमित नंबर प्लेट वाले 70 से अधिक चालकों को भी समझाइश दी। दुकानदारों को पार्किंग व्यवस्था सुधारने की समझाइश चालानी कार्रवाई के साथ ही सड़क किनारे दुकान लगाने वाले संचालकों को भी समझाया गया कि वे ग्राहकों के लिए वाहन खड़े करने की उचित जगह दें और पार्किंग स्थलों पर अनावश्यक सामान या बोर्ड न रखें। पुलिस ने कोचिंग सेंटरों के सामने विशेष रूप से गश्त की। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि उन्हें कोई असामाजिक तत्व या आपराधिक गतिविधि दिखाई दे, तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इस पूरे अभियान में पुलिस अधीक्षक सिवनी सुनील कुमार मेहता और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के नेतृत्व में थाना कोतवाली प्रभारी सतीश कुमार तिवारी और यातायात पुलिस थाना प्रभारी विजय बघेल के साथ कोतवाली पुलिस और यातायात पुलिस स्टाफ मौजूद रहे।


