पवई थाना क्षेत्र के कृष्णगढ़ गांव में एक मजदूर परिवार के सूने घर में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। इस घटना में घर में रखा लाखों रुपये का गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया। परिवार मजदूरी करने के लिए गुड़गांव गया हुआ था। जानकारी के अनुसार, कृष्णगढ़ में बस स्टैंड के पास रहने वाले राम प्रसाद रैकवार (पिता मुल्लू रैकवार) का यह घर था। राम प्रसाद कई वर्षों से कृष्णगढ़ में मजदूरी कर रहे हैं। लगभग डेढ़ माह पहले उनकी पत्नी भी घर में ताला लगाकर उनके साथ गुड़गांव मजदूरी करने चली गई थीं। 17-18 दिसंबर की दरमियानी रात उनके कच्चे मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। पड़ोसियों ने आग की लपटें देखकर तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर का सारा सामान जल चुका था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आग किसी असामाजिक तत्व ने लगाई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, क्योंकि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है।


