झालावाड़ जिले के चौमहला क्षेत्र में एक युवक ट्रेन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद झालावाड़ से कोटा रेफर किया गया है। यह हादसा चौमहला रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 को पार करते समय हुआ। अस्पताल चौकी से मिली जानकारी के अनुसार, युवक के दोनों पैर और एक हाथ अलग हो गए, जिससे उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए झालावाड़ लाया गया और फिर कोटा रेफर कर दिया गया। घायल युवक की पहचान मुरैना, मध्य प्रदेश निवासी विकास त्यागी के रूप में हुई है। वह पाड़लिया गांव क्षेत्र में पोस्टमास्टर के पद पर कार्यरत है।
घटना के बाद रेलवे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। फिलहाल, युवक का इलाज कोटा में जारी है।


