सतना जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम शिवराजपुर में एक मंदिर में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में एक व्यक्ति ने बड़ी माता मंदिर चोनाधाम में सूर्य देव की मूर्ति खंडित कर दी। मंदिर के पुजारी ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुजारी दिवाकर परौहा, जो बड़ी माता मंदिर चोनाधाम में पूजा-पाठ करते हैं, ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 9 बजे गांव का लाला उर्फ मनीष शर्मा मंदिर आया। उसने शराब पीने के लिए 100 रुपए मांगे। पुजारी द्वारा पैसे न होने की बात कहने पर आरोपी नाराज हो गया। मूर्ति को उठाकर जमीन पर पटका
शाम करीब 8 बजे, आरोपी मनीष शर्मा शराब के नशे में फिर मंदिर परिसर पहुंचा। उसने पुजारी को अपशब्द कहे और मंदिर के भीतर प्रवेश कर सूर्य भगवान की मूर्ति को उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे मूर्ति खंडित हो गई। इसके बाद उसने टूटी हुई मूर्ति को मंदिर परिसर के बाहर बने पानी के कुंड में फेंक दिया और धमकी देकर फरार हो गया। घटना के समय ददोली प्रसाद शर्मा और श्यामजी शर्मा भी मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। पुजारी ने आज (गुरुवार) इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ए), 119(1) और 298 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


