रीवा में इंदौर की दो बसें जब्त:पत्थरबाजी और डॉक्टर हत्याकांड में आरोपी था संचालक; भवानी ट्रेवल्स पर शिकंजा

रीवा में बस संचालन को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद में पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। भवानी ट्रेवल्स के संचालक एवं आरोपी दर्शन सिंह के कब्जे से दो बसों को जब्त कर लिया गया है। यह कार्रवाई बस संचालक संतोष कुमार तिवारी के आमरण अनशन और उसके बाद प्रशासन द्वारा कराए गए निष्पक्ष जांच के आश्वासन के क्रम में की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों पक्षों के रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच के बाद यह कदम उठाया गया। फरियादी की ओर से 7 बसें वापस न लौटाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि दर्शन सिंह द्वारा बसों को अपने कब्जे में लेकर वापस नहीं किया गया, जिसको लेकर विवाद गहराया और मामला सार्वजनिक धरने तक पहुंचा। अब पुलिस ने इंदौर से दो बसों को बरामद कर जब्त करते हुए मामले में कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया है। जांच के बाद एक्शन
नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) डॉ. ऋतु उपाध्याय के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए भवानी ट्रेवल्स से संबंधित दो बसों को इंदौर से बरामद कर जब्त किया। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। पुराने मामलों से भी जुड़ा नाम
आरोपी दर्शन सिंह का नाम पूर्व में भी विवादों में आ चुका है। रीवा के चोरहटा क्षेत्र में बस में हुई पत्थरबाजी और हत्या के एक पुराने मामले में भी पुलिस द्वारा उन्हें आरोपी बनाया जा चुका है। ऐसे में ताजा कार्रवाई को प्रशासन की सख्ती के रूप में देखा जा रहा है। सिविल लाइन थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदौर से दो बसों को बरामद कर जब्त किया गया है। फरियादी द्वारा 7 बसें वापस न मिलने की शिकायत की गई थी, जिसकी जांच जारी है। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद बस संचालकों में हड़कंप है, वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन के इस कदम से लंबे समय से चले आ रहे विवादों पर रोक लगेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *