विदिशा में रेस्टोरेंट मालिक पर 10 हजार का जुर्माना:नपा ने नीमताल चौराहे से बस स्टैंड तक अतिक्रमण हटाया, कई दुकानों का सामान जब्त

विदिशा शहर में बढ़ते अतिक्रमण से राहत दिलाने के लिए नगर पालिका ने गुरुवार को सख्त रुख अपनाया। नीमताल चौराहे से बस स्टैंड और सब्जी मंडी क्षेत्र तक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाकर सड़क पर अवैध कब्जे हटाए गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी सुचारू हो सका। अभियान के दौरान नगर पालिका की टीम ने अवैध गुमटियां, दुकानों के बाहर लगाए गए टीन-सेट और अतिक्रमण कर बनाई गई अस्थायी दुकानों को हटाया। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों का सामान जब्त किया गया। रेस्टोरेंट पर 10 हजार रुपए का जुर्माना नगर पालिका ने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अर्थदंड भी लगाया। चौरसिया रेस्टोरेंट पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया, जबकि एक अन्य दुकान से 2 हजार रुपये वसूले गए। अतिक्रमण कर सड़क पर व्यापार करने वाले प्रतिष्ठानों को विशेष रूप से निशाना बनाया गया। अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। सड़क किनारे दुकान लगाने वाले व्यापारी अपना सामान समेटते नजर आए। अतिक्रमण हटने से कुछ समय के लिए सड़कें खुलीं और लोगों को आवागमन में राहत मिली। दिनभर जारी रहेगी मुहिम नगर पालिका के अतिक्रमण प्रभारी विजय वाघमारे ने बताया कि अतिक्रमण विरोधी अभियान दिनभर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को पहले ही चेतावनी दी जा चुकी थी, उनके खिलाफ अब सामान जब्ती और जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है। बस स्टैंड क्षेत्र में दुकानों के आगे किए गए अवैध कब्जे हटाए गए हैं। स्थानीय नागरिकों ने की नियमित कार्रवाई की मांग स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि यदि यह अभियान नियमित रूप से चलता रहे, तो शहर को अतिक्रमण से स्थायी राहत मिल सकती है। हालांकि, उन्होंने यह भी चिंता जताई कि अक्सर ऐसी कार्रवाई कुछ दिनों में ही थम जाती है, जिसके बाद अतिक्रमण दोबारा लौट आता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *