सिहुंडी के हाट-बाजार में सरेआम बिक रही अवैध शराब:कटनी में सामने आया वीडियो, एसपी बोले-कार्रवाई के लिए टीम मौके पर रवाना

कटनी के बहोरीबंद तहसील अंतर्गत बाकल थाना क्षेत्र के ग्राम सिहुंडी में अवैध शराब की बिक्री का मामला सामने आया है। यहां के स्थानीय हाट-बाजार में एक महिला खुलेआम थैले में भरकर शराब बेचती हुई दिखाई दी, जिसका वीडियो गुरुवार को सामने आया। इस घटना ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। थैले में भरकर खुलेआम शराब बेच रही है महिला वायरल वीडियो में दिख रही महिला की पहचान गीता रैदास के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, गीता लंबे समय से अवैध शराब बेचने का धंधा कर रही थी। वह पहले सब्जी के ठेले या अंडे की दुकान की आड़ में शराब बेचती थी। हालांकि, इस बार उसने सिहुंडी के सार्वजनिक हाट-बाजार में, जहां ग्रामीणों और महिलाओं की भारी भीड़ रहती है, खुलेआम शराब बेचना शुरू कर दिया। थैले में भरकर शराब बेचने का यह तरीका बाजार में मौजूद लोगों के लिए भी चौंकाने वाला था। ग्रामीणों ने पुलिस पर मिलीभगत का लगाया आरोप हाट-बाजार जैसे सार्वजनिक स्थान पर अवैध शराब की खुलेआम बिक्री से बाकल पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस तरह की गतिविधि बिना किसी स्थानीय संरक्षण या पुलिस की अनदेखी के संभव नहीं है। एसपी ने कार्रवाई का दिया आश्वासन वीडियो वायरल होने के बाद कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने मामले का संज्ञान लिया है। एसपी विश्वकर्मा ने बताया कि वीडियो में दिख रही महिला गीता रैदास की पहचान कर ली गई है। उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए एक टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *