इंदौर के विजयनगर इलाके में एक डॉक्टर के साथ दो युवकों ने मारपीट कर दी। आरोपियों ने पहले कार को हाथ देकर रुकवाया और फिर डॉक्टर की बेरहमी से पिटाई कर दी। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, 62 वर्षीय डॉक्टर शिवकुमार यादव, निवासी बीजी विजयनगर की शिकायत पर बुधवार को बाइक सवार दो युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिवकुमार यादव ने बताया कि वह कार नंबर KA32Z1524 से स्काय स्पर्श अस्पताल से अपने घर लौट रहे थे। दूरसंचार कॉलोनी के पास बाइक सवार युवकों ने उनकी कार के सामने बाइक खड़ी कर रास्ता रोक लिया और हाथ के इशारे से बाहर आने को कहा। जब डॉक्टर कार से बाहर नहीं आए तो दोनों युवक गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान एक युवक ने लोहे की रॉड निकाली और कार के सामने की ओर वार कर दिया, जिससे ड्राइवर साइड का शीशा टूट गया। इसके बाद वह दरवाजे के पास आकर कार के अंदर की ओर रॉड से हमला करते हुए बाहर निकलने का दबाव बनाने लगा। मारपीट के दौरान रॉड रोकने की कोशिश में डॉक्टर के हाथों में कई जगह चोटें आईं। बचाव के लिए डॉक्टर के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। इस पर दोनों युवक जान से मारने की धमकी देकर बाइक से फरार हो गए। हड़बड़ी के कारण डॉक्टर बाइक का नंबर नहीं देख सके। बाद में उन्होंने परिजन को सूचना दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस को आशंका है कि किसी पुरानी रंजिश के चलते यह हमला किया गया है। फिलहाल पुलिस पुराने विवादों को लेकर डॉक्टर से जानकारी जुटा रही है।


