बूंदी की थोक फल सब्जी मंडी में एक महिला का मंगलसूत्र छीनकर भाग रहे युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। यह घटना गुरुवार को लंका गेट स्थित मंडी में हुई, जिसके बाद युवक को कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक युवक संदिग्ध अवस्था में सब्जी मंडी में घूम रहा था। उसने चबूतरे पर बैठी एक महिला के गले से मंगलसूत्र छीन लिया और वहां से भागने का प्रयास किया। महिला के चिल्लाने पर आसपास काम कर रहे मजदूरों और अन्य लोगों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को पकड़ लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है कि उसने पहले भी ऐसी कोई आपराधिक घटना को अंजाम दिया है या नहीं। युवक की जेब से एक आधार कार्ड बरामद हुआ है, जिसमें उसकी पहचान चेता निवासी सुरेश कुमार बैरवा के रूप में हुई है।


