सलूम्बर जिला कांग्रेस कमेटी ने 18 दिसंबर 2025 को ब्लॉक सलूम्बर में संगठनात्मक मजबूती के लिए महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित कीं। ये बैठकें जिलाध्यक्ष परमानन्द मेहता एडवोकेट के नेतृत्व में इडाना माता मेवल मंडल की गायत्री शक्ति पीठ इडाना और गामड़ा हनुमान मंडल की गायत्री शक्ति पीठ लकापा अदकालिया में संपन्न हुईं। बैठकों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष परमानन्द मेहता ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से नई ऊर्जा व समर्पण के साथ पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर जनता से जुड़कर उनके कार्यों को प्राथमिकता देनी चाहिए। इस दौरान एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। जिलाध्यक्ष ने किसी भी कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष या अन्य पदाधिकारियों को पगड़ी और माला पहनाने की औपचारिकता को समाप्त करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि केवल सलूम्बर कार्यकारिणी के बाहर से आने वाले अतिथि नेताओं व पदाधिकारियों को ही पगड़ी-माला पहनाई जाए, ताकि दिखावे की बजाय संगठनात्मक कार्यों पर ध्यान केंद्रित किया जा सके। इन बैठकों में विधायक प्रत्याशी रेशमा मीणा, सलूम्बर ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह राठौड़, इडाना मंडल अध्यक्ष भंवरलाल नागदा, हनुमान गावड़ा मंडल अध्यक्ष धूल सिंह राठौड़, पूर्व प्रधान जयसमंद गंगाराम मीणा, वरिष्ठ नेता गोपाल सिंह खरका, कन्हैयालाल मेहता टोडा, पूर्व प्रधान देवीलाल मीणा, युवा नेता गजेंद्र मेहता, अनुसूचित जनजाति जिलाध्यक्ष अशोक मीणा, पंचायती राज जिलाध्यक्ष अशोक खटिक, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष महेन्द्र सिंह, मंडल महामंत्री भगवतीलाल सुथार, निलेश मेहता और फ़तेहलाल जोशी (आई टी -सेल) सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठकों में संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने और जनसमस्याओं को प्राथमिकता से उठाने पर विशेष जोर दिया गया।


