अलीगढ़ के लोधा थाना क्षेत्र के चिकावटी इलाके में शुक्रवार को अपने घर की ओर जा रहे एक भाजपा नेता पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। आरोपियों ने भाजपा नेता की कार में अंधाधुंध फायरिंग की, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वहीं अचानक से फायरिंग शुरू होने पर भाजपा नेता ने तेजी से गाड़ी भगाई और कार के अंदर छिपकर अपनी जान बचाई। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रिय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। वहीं पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ में जुट गई है। आरोपियों ने किए आधा दर्जन फायर लोधा थाना क्षेत्र के गांव चिकावटी निवासी उदय ठाकुर पुत्र रतन ठाकुर ने पुलिस को बताया कि वह शुक्रवार को अपने घर की ओर जा रहे थे। वह अपनी स्कॉर्पियो कार से थे। वह अपने घर के नजदीक ही पहुंचे थे कि अचानक से कुछ बाइक सवार उनके आसपास आ गए। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जिसके कारण उन्होंने पहले पहले तेजी से कार भगाई और फिर आरोपियों ने दूर जाकर कार के अंदर ही छिप गए। वहीं फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकल आए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। अब पुलिस उनकी तलाश कर रही है। सीसीटीवी में नजर आ रहे हैं संदिग्ध घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे देखे। जिसमें भाजपा नेता तेजी से अपनी कार भगाते हुए नजर आ रहा है। वहीं उसके पीछे से कुछ बाइकें आ रही हैं, जिसमें कई युवक नजर आ रहे हैं। यह संदिग्ध युवक ही आरोपी समझे जा रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के साथ ही आसपास के क्षेत्र में लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं भाजपा नेता ने पुलिस के सामने किसी तरह की कोई रंजिश होने से इनकार किया है। हालांकि पुलिस सारे पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुट गई है। सीओ गभाना संजीव तोमर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं और जल्दी ही आरोपी पुलिस की हिरासत में होंगे।


