किशनगढ़बास उपकारागृह में गुरुवार शाम अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भिवाड़ी के फूलबाग थाना क्षेत्र के गंभीर आपराधिक मामले में गिरफ्तार आरोपियों की जमानत पर रिहाई के दौरान उनके समर्थकों ने कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया। रिहाई की सूचना मिलते ही समर्थक लग्जरी वाहनों में सवार होकर जेल परिसर के बाहर पहुंच गए और जुलूस व हवाबाजी की तैयारी करने लगे। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए किशनगढ़ बास थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। पुलिस को देखते ही कुछ लोग फरार हो गए, जबकि चार युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। इसके साथ ही उपकारागृह के बाहर खड़ी सात संदिग्ध गाड़ियों को भी जब्त किया गया है। ये प्रभावी कार्रवाई खैरथल-तिजारा पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक लाल सिंह यादव के सुपरविजन में किशनगढ़ बास थाना अधिकारी बनवारी लाल मीणा के नेतृत्व में अंजाम दी गई। मामला भिवाड़ी के फूलबाग थाना क्षेत्र स्थित एमवीएल सोसायटी के पास दो पक्षों के बीच हुए आपसी झगड़े से जुड़ा है, जिसमें आरोपियों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज था। पुलिस ने मौके से विनोद दायमा (32) निवासी सैदपुर, प्रदीप सैनी (18) निवासी गंज किशनगढ़ बास, अशोक कुमार गुर्जर (34) निवासी नांगल रानिया, सौरभ गुर्जर (18) निवासी सैदपुर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों के बैंक खातों, साइबर गतिविधियों और आपराधिक रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है। वहीं, मौके से फरार अन्य लोगों, जब्त वाहनों के मालिकों तथा पूरे घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की भी बारीकी से पड़ताल की जा रही है।


