कॉलेज बस को ट्रक ने टक्कर मारी, एक की मौत:भोपाल में पीपुल्स कॉलेज के 51 स्टूडेंट विजिट कर लौट रहे थे; दो गंभीर

भोपाल में तेज रफ्तार ट्रक ने कॉलेज बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह बस को दूर तक घसीटते ले गया। हादसे में एक स्टूडेंट विनीत साहू की मौत हो गई। वहीं दो छात्र विमल यादव और शिवम लोधी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा शुक्रवार दोपहर में हुआ। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने छात्रों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर मौके पर 108 एंबुलेंस भी पहुंची। एंबुलेंस से घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया गया। इधर, ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया है। टीआई नीरज वर्मा ने बताया कि, दोपहर दो बजे के लगभग पीपुल्स इंजीनियरिंग कॉलेज के 51 बच्चे, 04 स्टॉफ सहित कुल 55 लोग IISER कॉलेज में विजिट कर लौट रहे थे। तभी निफ्ट कॉलेज के पास भौंरी में बस क्रमांक नं 04 ZH 3229 को पीछे से ट्रक नंबर RJ 17 GA 8818 के चालक ने टक्कर मार दी है। 14 घायल छात्रों को पीपुल्स अस्पताल में ऑब्जरवेशन में रखा है। बाकी घायलों को छुट्टी दे दी है। मृतक छात्र उमरिया जिले का रहने वाला
हादसे में उमरिया जिले के बिरसिंहपुर में रहने वाली विनीत साहू की मौत हो गई। विनीत की मां पिंकी साहू दो बेटों के साथ रहती हैं। वह किराने की दुकान चलाकर खर्च चलाती हैं। पति का पांच साल पहले निधन हो चुका है। विनीत का छोटा भाई प्रिंस साहू भी पढ़ाई कर रहा है। मां को बेटे की मौत की जानकारी नहीं दी गई है। शनिवार को छात्र का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बस में फंसे हुए थे स्टूडेंट, ग्रामीण मदद करने पहुंचे
भाैंरी में रहने वाले हितेश राठौर ने बताया कि मैं काम पर गया था। दोपहर में अचानक कॉल आया। गांव में एक कॉलेज बस को ट्रक ने टक्कर मार दी है। दर्जनों बच्चे बस में फंसे हैं। मैं तत्काल मौके पर पहुंचा और बच्चों को निकलवाने में मदद की। कई बच्चों की हालत बेहद खराब है, किसी के हाथ तो किसी के पांव टूटे थे। कई बच्चों के सिर में गंभीर चोट दिख रही थी। कुछ के हाथ पांव में कट के निशान भी देखे हैं। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया- ओवर स्पीड था ट्रक
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि ट्रक ओवर स्पीड था। बस अपने रास्ते मध्यम गति से चल रही थी। तभी पीछे से ट्रक के ड्राइवर ने जोरदार टक्कर मारी। वह बस को कई मीटर तक घसीटते ले गया। हादसे के तत्काल बाद आरोपी ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार हो गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *