रांची वीमेंस कॉलेज की सांस्कृतिक समिति व राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से आयोजित 3 दिवसीय युवा महोत्सव ‘नवरंग’ का समापन मैत्रेयी सभागार में हुआ। समापन समारोह में आरयू के कुलपति डॉ. अजीत कुमार सिन्हा विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। उन्होंने युवा प्रतिभाओं को सम्मानित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद कहते थे कि कामयाबी न मिले तो हिम्मत मत हारो, कोशिश जारी रखो और नाकामियों से सबक लेकर संघर्ष करते रहो। एक दिन जीत तुम्हारे कदमों में होगी। प्रिंसिपल डॉ. सुप्रिया ने अतिथियों का स्वागत करते हुए स्वामी विवेकानंद को युवाओं का आदर्श बताया। कहा वे युवाओं में आशा और उम्मीद देखते थे। उनके लिए युवा पीढ़ी परिवर्तन की अग्रदूत है। मौके पर डॉ. मुकुंद चंद मेहता, डॉ. स्मृति सिंह और कॉलेज की प्रोफेसर मौजूद थीं। ये रहे विजेता : क्लासिकल डांस में पहले स्थान पर रीना कुमारी, दूसरे स्थान पर श्रुति मिश्रा व तीसरे स्थान पर स्नेहा कुमारी रहीं। रंगोली प्रतियोगिता में पहले स्थान पर दीक्षा कुमारी, दूसरे स्थान पर ममता व तीसरे स्थान पर प्रियंका कुमारी रहीं। मेहंदी प्रतियोगिता में रिया पॉल, स्वाति कुमारी, संगीता माझी, निधि कुमारी विजेता रहे। ग्रुप डांस में पहले स्थान पर भूगोल विभाग रहा, जिसमें मनीषा टोप्पो, मनीषा कुमारी, दीपाली तिर्की, रयमान कुमारी, कविता कुमारी, निशि नाग, सुशीला टुडू, रिया लिंडा, प्रीति कुमारी, रूपा कुमारी, पुष्पा कुमारी, कल्पना मिंज, अमूल्या टोप्पो, अनिशा कुजूर शामिल थीं। विश्व हिंदी दिवस पर काव्य पाठ का आयोजन कॉलेज में विश्व हिंदी दिवस के मौके पर काव्य पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें छात्राओं ने स्वरचित रचनाओं का पाठ किया। प्रतियोगिता में पहले स्थान पर अलीशा कुमारी, दूसरे स्थान पर आकांक्षा व विशाखा कुमारी और तीसरे स्थान पर सविता वर्मा तथा प्राची कुमारी रहीं।


