लुधियाना| पंजाब इलेक्शन क्विज-2025 के लिए युवाओं के पंजीकरण को लेकर प्रशासन ने स्कूलों और कॉलेजों को अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 28 दिसंबर 2024 से शुरू हो चुकी है, और अंतिम तिथि 17 जनवरी 2025 निर्धारित की गई है। ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता 19 जनवरी को आयोजित की जाएगी, जबकि राज्य स्तरीय ऑफलाइन प्रतियोगिता 24 जनवरी को लुधियाना में होगी। शुक्रवार को हुई बैठक में एडीसी जगराओं-सह-जिला स्वीप नोडल अधिकारी कुलप्रीत सिंह ने विधानसभा स्तर के स्वीप नोडल अधिकारियों, स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे छात्रों के पंजीकरण को प्राथमिकता दें। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को हर वरिष्ठ सेकेंडरी स्कूल से कम से कम 50 छात्रों का पंजीकरण सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है। साथ ही, जिला खेल अधिकारी और सहायक निदेशक (युवा सेवाएं) को भी प्रतियोगिता में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


