सेवा भारती सिरोही को 8 साल बाद फिर मिली भूमि:मंत्री देवासी के प्रयासों से 3750 वर्गफीट भूखंड आवंटित, कांग्रेस सरकार ने किया था रद्द

सिरोही में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ी प्रमुख संस्था सेवा भारती को आठ साल बाद फिर से भूमि आवंटित की गई है। यह भूखंड पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में रद्द कर दिया गया था, जिसे अब राज्यमंत्री ओटाराम देवासी के प्रयासों से पुनः प्राप्त किया गया है। सेवा भारती को यह भूखंड पहली बार 2018 में तत्कालीन देवस्थान राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने जनहितार्थ आवंटित कराया था। हालांकि, 2020 में पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने इस आवंटन को रद्द करवा दिया था। राज्यमंत्री देवासी ने वादा किया था कि सत्ता में आते ही वे इस भूखंड को पुनः आवंटित करवाएंगे। अपने वादे को निभाते हुए, उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा से मुलाकात की। इसके बाद नवीन भू-आवंटन नीति 2025 के तहत पत्रावली को फिर से खोला गया। इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप नगर परिषद सिरोही के खसरा नंबर 622 के नए खसरा नंबर 2695 में से 3750 वर्गफीट भूमि संस्था को जनहितार्थ पुनः आवंटित की गई है। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री ने बताया कि राज्यमंत्री ओटाराम देवासी हमेशा संघ से जुड़ी संस्थाओं के कार्यों को तत्परता से पूरा करते आए हैं। उन्होंने पूर्व विधायक संयम लोढ़ा पर उनके पिछले कार्यकाल में कई संघ विरोधी निर्णय लेने का आरोप लगाया। खत्री के अनुसार पूर्व विधायक ने विद्या भारती से जुड़ी संस्थाओं के साथ “घोर कुठाराघात” किया था। इसमें स्वरूपगंज में विद्या भारती (आदर्श स्कूल) की चलती हुई स्कूल को 2022 में बंद करवाकर उसकी आवंटित जमीन को प्रत्याहरित करना शामिल है। इसके अतिरिक्त, सिरोही शहर की आदर्श स्कूल के लीज नवीनीकरण और जिले की विद्या भारती (आदर्श) से जुड़ी कई संस्थाओं के मान्यता प्रकरणों में भी कथित तौर पर अड़ंगा डाला गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *