सिंगरौली जिले की ग्राम पंचायत गोभा में आदिवासी बैगा समुदाय के श्री लाल बैग के साथ वनकर्मी की ओर से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के विरोध में शुक्रवार को गोभा पुलिस चौकी पर कांग्रेस नेताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी वनकर्मी सुनील कुमार बुनकर के खिलाफ तत्काल मामला दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शन में जिला पंचायत सदस्य सहित कांग्रेस के कई नेता और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण शामिल थे। घायल श्री लाल बैग को खाट पर लादकर चौकी लाया गया था, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। वनकर्मी नशे में धुत होकर गोभा चौकी पहुंचा प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब आरोपी वनकर्मी सुनील कुमार बुनकर शराब के नशे में धुत होकर गोभा चौकी पहुंचा। उस वक्त श्री लाल बैग के साथ मारपीट के विरोध में प्रदर्शन चल रहा था। नशे की हालत में चौकी पहुंचे वनकर्मी का स्थानीय लोगों ने वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो के सामने आने के बाद ग्रामीणों में गुस्सा और बढ़ गया। जंगल जमीन विवाद में वनकर्मी पर मारपीट का आरोप स्थानीय लोगों का आरोप है कि श्री लाल बैग जंगल की जमीन पर खेती करता था। इसी बात से नाराज होकर वनकर्मी ने उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। इस मारपीट में पीड़ित का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया है, जबकि उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर नशे में पहुंचे वनकर्मी को चौकी परिसर से हटाया। आंदोलन की चेतावनी दी इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है। हालांकि, मारपीट के गंभीर आरोपों और वीडियो के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज न होने को लेकर पुलिस ने स्पष्ट जवाब नहीं दिया। पुलिस अधिकारियों ने केवल इतना कहा कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पीड़ित आदिवासी परिवार और स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे अपना आंदोलन तेज करेंगे। बैगा समाज और आम आदमी पार्टी से जुड़े लोगों ने इस मामले को गंभीर बताते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो विशेष संरक्षित जनजाति बैगा के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं मामले पर वन विभाग के एसडीओ एनके त्रिपाठी ने बताया- पीड़ित युवक के खिलाफ पहले से एक अपराध प्रकरण दर्ज था, जिसके तहत उसे कोर्ट में पेश किया गया था। न्यायालय से उसे जमानत मिल चुकी है। इसके बाद युवक के साथ क्या हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। यदि मारपीट की कोई घटना हुई है, तो उसकी जांच कराई जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ये खबर भी पढ़े… वन चौकी में बैगा युवक से मारपीट, हाथ टूटा, सिंगरौली में वनकर्मियों पर बर्बरता का आरोप सिंगरौली जिले की ग्राम पंचायत गोभा में वन विभाग के कर्मचारियों पर एक आदिवासी बैगा युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित युवक का कहना है कि मारपीट में उसे गंभीर चोटें आई हैं और उसका एक हाथ टूट गया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है। पढ़े पूरी खबर…


