झालावाड़ में पुरानी कहासुनी के चलते 2 युवकों पर चाकू से हमला किया गया। घटना गुरुवार रात नई जेल रोड इलाके में हुई, जिसमें दोनों युवक घायल हो गए। उन्हें झालावाड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाली पुलिस के अनुसार घायल युवकों की पहचान अरबाज पुत्र साबिर खान और फिरोज खान पुत्र सलीम खान के रूप में हुई है। दोनों जेल रोड के निवासी हैं। उन्हें चाकू लगने से चोटें आई है और उनका इलाज झालावाड़ अस्पताल में जारी है। पुलिस ने बताया कि यह घटना गुरुवार रात करीब 9:30 बजे हुई। आरोपी सोनू पुत्र नईम खान, नाजिम और उनके साथी अनिल ने पीड़ित अरबाज और फिरोज को अरबाज के घर के पास रोका। इसके बाद उन पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फरियादी अरबाज खान ने कोतवाली पुलिस में इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली के हेड कॉन्स्टेबल भगवान सिंह मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीन-चार दिन पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


