मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास 23 दिसंबर को:भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष बोले- भाजपा ने कांग्रेस की तुलना में ओबीसी वर्ग को अधिक प्रतिनिधित्व दिया

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार शुक्रवार को धार पहुंचे। भाजपा कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग के विभिन्न समाजों के लोगों को शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष महंत निलेश भारती ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के गांव, गरीब और युवाओं तक पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक खुशहाली पहुंचाना और गरीबों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाना है। मेडिकल कॉलेज जिले के बड़ी उपलब्धि विधायक नीना वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं को विशेष सम्मान और अवसर मिले हैं। उन्होंने जोर दिया कि महिलाएं अपनी समस्याओं को बेहतर ढंग से समझती हैं, इसलिए राजनीति में उनकी भागीदारी बढ़ने से समाधान स्वतः संभव होगा। वर्मा ने यह भी बताया कि 23 दिसंबर को धार में मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास होगा, जिसे जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो छोटे से छोटे कार्यकर्ता को उसकी योग्यता के अनुसार बड़े पद तक पहुंचाती है। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी बताई कि केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पिछड़े वर्ग के हर व्यक्ति तक ईमानदारी से पहुंचे। पाटीदार ने बदनावर में स्थापित हो रहे पीएम मित्रा पार्क का भी जिक्र किया, जिसे उन्होंने रोजगार सृजन के साथ कपास उत्पादक किसानों के लिए लाभकारी बताया। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा ने कांग्रेस की तुलना में ओबीसी वर्ग को अधिक प्रतिनिधित्व दिया है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा, मोर्चा प्रदेश मंत्री धीरज पाटीदार, नरेंद्र राठौर, देवेंद्र सोनोने, संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *