राजस्थान के लोग दूसरे प्रदेशों में करा सकेंगे इलाज: सीएम:डबल इंजन सरकार को बताया गरीब, किसान और मजदूर हितैषी

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डबल इंजन की सरकार को गरीब, किसान, मजदूर और महिलाओं का हितैषी बताया। उन्होंने मंच से सरकार की विभिन्न योजनाओं का बखान करते हुए आमजन को लाभ पहुंचाने की बात कही। सीएम शुक्रवार को धौलपुर जिले के पचगांव में आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- डबल इंजन की सरकार महिलाओं के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुरू से ही महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान को लेकर आगे रहे हैं। शर्मा ने बताया कि राजस्थान प्रदेश में महिला दीया कुमारी को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। सरकार ने नारी शक्ति को राष्ट्रीय शक्ति बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने लाडो योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे प्रदेश की बेटियों को सम्मान मिल रहा है। टैबलेट योजना और उच्च छात्रवृत्ति योजना के माध्यम से बेटियां सशक्त बन रही हैं। मोदी सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने लखपति दीदी योजना के तहत महिलाओं को स्वरोजगार सृजित करने के लिए 100 करोड़ रुपए देने की जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार ने महिलाओं के खातों में 1100 करोड़ रुपए भेजे हैं और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना चलाकर राहत प्रदान की है। शर्मा ने कहा कि एक समय था जब माताएं-बहनें चूल्हे पर खाना बनाती थीं। महिलाओं की स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रसोई गैस का प्रबंध किया। महिलाओं के सम्मान को बनाए रखने के लिए घर-घर शौचालय बनाकर समाज को बड़ा संदेश दिया गया है। स्वच्छ भारत मिशन से सरकार ने नए भारत की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री ने शास्त्रों का हवाला देते हुए कहा कि जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवता निवास करते हैं, जिसके प्रमाण लक्ष्मी, सरस्वती और दुर्गा हैं। उन्होंने धौलपुर जिले में महिला सम्मेलन के पूरे कार्यक्रम को एक सुखद अवसर बताया और कहा कि प्रधानमंत्री माता-बहनों और बेटियों के सम्मान के लिए लगातार काम कर रहे हैं। लाडो योजना के अंतर्गत बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 700 करोड़ रुपए की राशि दी जा रही है। दूसरे प्रदेशों में भी होगा निशुल्क इलाज महिला सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल ने प्रदेश को एक सौगात दी है, जिसमें आयुष्मान योजना के तहत प्रदेश के लोग राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भी जाकर अपना निशुल्क इलाज कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश में सिर्फ राजस्थान ही ऐसा करने वाला पहला प्रदेश है। धौलपुर में 2000 करोड़ के विकास कार्य कराए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा गत 2 साल में सरकार ने धौलपुर जिले में 2000 करोड़ के विकास कार्य कराए हैं। जबकि कांग्रेस के नेताओं ने धौलपुर को विकास के क्षेत्र में अछूत रखा था। कांग्रेस के नेता सिर्फ ट्विटर पर बात करते हैं मेरी बात का जवाब नहीं देते हैं। उन्होंने कहा कांग्रेस के पांच और हमारे 2 साल विकास के लिए काफी हैं। कांग्रेस में रही तुष्टिकरण की नीति मुख्यमंत्री ने कहा कांग्रेस में शुरू से तुष्टिकरण की नीति रही है। कांग्रेस की जहां सरकार रही है महिलाओं पर अत्याचार रहे हैं। भाजपा की सरकार बनने के बाद प्रदेश में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। कांग्रेस राज्य में हमेशा भ्रष्टाचार हुआ है, लेकिन हम भ्रष्टाचार को प्रदेश में पनपने नहीं देंगे। राजस्थान में आज के युवा नौकरी लेने वाले नहीं बल्कि देने वाले हैं। इससे पूर्व डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने भी महिलाओं को संबोधित कर सरकार की तमाम योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *