डीग में राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को किशनलाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में ‘जिला स्तरीय महिला सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। इस समारोह में महिलाओं ने सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर उत्सव कौशल ने राजीविका (राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद) के अंतर्गत राजस्थान महिला निधि बैंक द्वारा स्वीकृत 37 लाख 12 हजार 332 रुपए की राशि का चेक प्रदान किया। यह राशि समूह की 89 ‘लखपति दीदियों’ को दी गई, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। चेक प्राप्त करने वाली प्रमुख लाभार्थियों में कुम्हेर से भावना और राजकुमारी, नगर से रानी और रेनू, तथा डीग से दीपिका शर्मा और भगवती शामिल रहीं। सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं ने सामाजिक सुधार का बीड़ा उठाते हुए सामूहिक रूप से बाल विवाह और नशा मुक्ति के खिलाफ शपथ ली। उन्होंने बचपन को बचाने और परिवारों को व्यसन मुक्त कर खुशहाल बनाने का संकल्प लिया। धौलपुर से आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा वर्चुअली जुड़े। उन्होंने डीबीटी के माध्यम से डीग जिले के हजारों लाभार्थियों के खातों में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पालनहार योजना की राशि और छात्रवृत्ति का हस्तांतरण किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर जिला कलेक्टर उत्सव कौशल, जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन सिंह, विकास अधिकारी जतन सिंह एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। लाभार्थियों ने मोबाइल पर राशि जमा होने का संदेश पाकर और जिला प्रशासन से चेक प्राप्त कर खुशी जाहिर की।


