धौलपुर में आरएसी की छठी बटालियन ने एक मानवीय पहल करते हुए रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी के दिवंगत अस्थायी सफाईकर्मी के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की है। पुलिस अधीक्षक एवं कमांडेंट छठी बटालियन आरएसी, विकास सांगवान ने बताया कि 11 दिसंबर 2025 को रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी में कार्यरत सफाईकर्मी धर्मेंद्र कुमार पुत्र विशन सिंह के घर एक विवाह समारोह था। इस दौरान धर्मेंद्र कुमार गर्म तेल की कड़ाही में गिरकर गंभीर रूप से झुलस गए थे। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई। मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए बटालियन मुख्यालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वेच्छा से योगदान कर कुल 65 हजार रुपए की राशि एकत्रित की। यह सहायता राशि डिप्टी कमांडेंट सुरेश सांखला के नेतृत्व में दिवंगत सफाईकर्मी के परिजनों को सौंपी गई। इस अवसर पर छठी बटालियन आरएसी परिवार की ओर से दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।


