दो पुलों को चौड़ा करेंगे:इंडस्ट्री हाउस से जंजीरावाला के बीच नहीं लगेगा जाम, पुल की चौड़ाई बढ़ेगी

दूसरा पुल मालवा मिल से पाटनीपुरा के बीच बनेगा शहर की व्यस्त सड़कों पर ट्रैफिक सुगम बनाने के लिए महापौर परिषद में दो ब्रिज बनाने का निर्णय लिया गया है। इसमें जंजीरवाला चौराहा से इंडस्ट्री हाउस के पुल को चौड़ा करने से बीआरटीएस की ओर आने-जाने वाले ट्रैफिक को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि इस सड़क के लेफ्ट व राइट टर्न को भी चौड़ा कर दिया है। इसी तरह मालवा मिल से पाटनीपुरा के बीच की पुलिया को भी चौड़ा किया जा रहा है। दोनों के निर्माण में करीब 10 करोड़ का खर्च आएगा। शुक्रवार को एमआईसी सदस्य ने दोनों के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। शहर में वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इससे संकरी सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रहती है। हाल ही में सड़क सुरक्षा समिति में चौराहों पर फ्लायओवर बनाने के साथ ही मुख्य मार्गों पर बॉटल नेक की स्थिति, चौराहों के लेफ्ट व राइट टर्न सुधारने का भी निर्णय लिया है। नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस द्वारा सर्वे कर ऐसे स्थान चिह्नित करके सुधार किए जा रहे हैं। जनकार्य प्रभारी राजेंद्र राठौर ने बताया, अफसरों को साइट क्लीयर करने और आसपास के बाधक निर्माण हटाने के लिए कहा है। वर्षों पहले बनी संकरी पुलिया पर फंस रहा है ट्रैफिक इसी तरह मालवा मिल चौराहे के समीप ही नाले पर संकरी पुलिया है। यह वर्षों पहले बनी है। मार्ग को चौड़ा करते समय इसका निर्माण छोड़ दिया था। महापौर परिषद ने इसके निर्माण की भी स्वीकृति दी है। इसमें 6 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। इसके बनने से मालवा मिल से पाटनीपुरा के बीच बॉटल नेक वाला हिस्सा समाप्त हो जाएगा। वाहन आसानी से निकल सकेंगे। जंजीरावाला चौराहे से बीआरटीएस की राह हो जाएगी आसान सर्वे के अनुसार रेसकोर्स रोड से बीआरटीएस की ओर आने वाली सड़क पर दो बड़ी बाधाएं हैं। पहली बाधा बीच में संकरा पुल है। दूसरा इंडस्ट्री हाउस की ओर लेफ्ट टर्न संकरा है। इस कारण रोजाना सुबह व शाम को जाम की स्थिति बनती है, क्योंकि एलआईजी, विजय नगर की ओर जाने वाले वाहन चालक पलासिया एमजी रोड के बजाय इस ओर से जाते हैं। नगर निगम ने हाल ही में लेफ्ट व राइट टर्न तो जगह के अनुसार चौड़े कर दिए हैं, अब पुल को चौड़ा किया जाएगा। इसमें 4 करोड़ की लागत आएगी। राठौर ने बताया, इसकी निविदा पूरी हो गई है। जल्द ही वर्क ऑर्डर जारी कर काम शुरू करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *